लखनऊ में छापेमारी से हुआ गैस की कालाबाजारी का खुलासा, सपा नेता समेत 6 पर एफआईआर
यूपी डेस्कः लखनऊ जिला प्रशासन की टीम ने शनिवार को मोहान रोड स्थित अभिनंदन रिसॉर्ट पर छापेमारी कर कालाबाजारी का पर्दाफाश किया है। यह रिसॉर्ट समाजवादी पार्टी के नेता सुरेंद्र कुमार उर्फ सोनू कनौजिया का है। डीएसओ विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में रिसॉर्ट परिसर से कुल 88 गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
हैरानी की बात यह है कि सपा नेता की पत्नी मंजू कनौजिया के नाम पर असीम भारत गैस एजेंसी है, जिसका गोदाम रिसॉर्ट से महज 1.5 किमी दूर है। नियमों के मुताबिक सिलेंडरों को सुरक्षित गोदाम में होना चाहिए था, लेकिन उन्हें अवैध रूप से रिसॉर्ट में छिपाकर रखा गया था। रिसॉर्ट से 14.2 किलो वाले 65 खाली सिलेंडर, 14.2 किलो वाले 9 भरे हुए सिलेंडर, 5 किलो वाले 14 ’छोटू’ खाली सिलेंडर, सिलेंडर लदा एक बोलेरो मैक्सी ट्रक बरामद हुआ है। टीम ने जब मौके पर मौजूद लोगों से कागजात मांगे, तो वे न तो एजेंसी का रिकॉर्ड दिखा सके और न ही गाड़ी के दस्तावेज।
इसके बाद काकोरी थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सपा नेता सोनू कनौजिया, उनकी पत्नी मंजू कनौजिया, मैनेजर मुन्ना, जमील अहमद और साहिल सहित 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सोनू कनौजिया मलिहाबाद विधानसभा से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। सिलेंडरों की कालाबाजारी के अलावा उन पर एलडीए की अधिग्रहित जमीन पर अवैध प्लॉटिंग और रिसॉर्ट चलाने के भी आरोप हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि यह गैस एजेंसी हाल ही में करीब 80 लाख रुपए में खरीदी गई थी।

मीडिया दस्तक के चीफ एडिटर अशोक श्रीवास्तव पत्रकारिता के क्षेत्र में 1992 से सक्रिय हैं। भारतीय बस्ती, स्वतंत्र चेतना, जनकदम, 7 डेज नागरिक, पंजाब केसरी, वॉयस आफ मूंवमेन्ट, स्पष्ट आवाज जैसे अखबारों में योगदान देते हुये 10 सालों से खुद के मीडिया संस्थान ‘मीडिया दस्तक न्यूज’ का संचालन कर रहे हैं। वे बस्ती चेतना साप्ताहिक अखबार के संपादक भी हैं। अशोक श्रीवास्तव अपनी बेबाक शैली, निष्पक्षता और साफ सुथरी, इमानदार पत्रकारिता के लिये जाने जाते हैं।




