सास और साले की चाकू मारकर हत्या करने वाला अफसर खां, मुठभेढ़ मे हुआ ढेर
यूपी डेस्कः बरेली के इज्जतनगर में सास और साले की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी अफसर खां उर्फ बौरा को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। मंगलवार सुबह थाना इज्जतनगर क्षेत्र के सहारा ग्राउंड के पास पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी को गोली लगी. घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस का कहना है आरोपी दूसरी घटना को अंजाम देने की फिराक में था और अपनी घायल पत्नी की भी हत्या करना चाहता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी दोहरे हत्याकांड के बाद से फरार चल रहा था। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया था। मंगलवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सहारा ग्राउंड के पास उसकी घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी को पुलिस की गोली लग गईं।
जानकारी मिली है कि सोमवार को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी में एक पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के दौरान आरोपी अफसर ने अपनी पत्नी साइमा, सास आसमा और साले आदिल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। इस हमले में सास और साले की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पत्नी साइमा गंभीर रूप से घायल हो गई थी और उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। एसपी अनुराग आर्य ने कहा कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस की एक गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई है। मौके से पुलिस ने 32 बोर की पिस्टल, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और कई कारतूस बरामद किए हैं।

मीडिया दस्तक के चीफ एडिटर अशोक श्रीवास्तव पत्रकारिता के क्षेत्र में 1992 से सक्रिय हैं। भारतीय बस्ती, स्वतंत्र चेतना, जनकदम, 7 डेज नागरिक, पंजाब केसरी, वॉयस आफ मूंवमेन्ट, स्पष्ट आवाज जैसे अखबारों में योगदान देते हुये 10 सालों से खुद के मीडिया संस्थान ‘मीडिया दस्तक न्यूज’ का संचालन कर रहे हैं। वे बस्ती चेतना साप्ताहिक अखबार के संपादक भी हैं। अशोक श्रीवास्तव अपनी बेबाक शैली, निष्पक्षता और साफ सुथरी, इमानदार पत्रकारिता के लिये जाने जाते हैं।




