पुलिस भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत डीएम ने किया निरीक्षण
बस्ती 14 मार्च। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा के दृष्टिगत जनपद बस्ती में बनाए गए परीक्षा केन्द्रों का जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महिला डिग्री कॉलेज, ए.पी.एन. डिग्री कॉलेज तथा गोविंद राम सेकेंडरी इंटर कॉलेज में पहुंचकर परीक्षा केन्द्र का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास द्वार, पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने केन्द्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकल-विहीन वातावरण में सम्पन्न कराया जाए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय सघन जांच सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा कक्षों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जांच की। इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में स्थापित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया तथा वहां से परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी के संबंध में जानकारी प्राप्त की।इस अवसर पर संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

मीडिया दस्तक के चीफ एडिटर अशोक श्रीवास्तव पत्रकारिता के क्षेत्र में 1992 से सक्रिय हैं। भारतीय बस्ती, स्वतंत्र चेतना, जनकदम, 7 डेज नागरिक, पंजाब केसरी, वॉयस आफ मूंवमेन्ट, स्पष्ट आवाज जैसे अखबारों में योगदान देते हुये 10 सालों से खुद के मीडिया संस्थान ‘मीडिया दस्तक न्यूज’ का संचालन कर रहे हैं। वे बस्ती चेतना साप्ताहिक अखबार के संपादक भी हैं। अशोक श्रीवास्तव अपनी बेबाक शैली, निष्पक्षता और साफ सुथरी, इमानदार पत्रकारिता के लिये जाने जाते हैं।




