उधारी के चलते अवसाद मे डूबे युवक ने लगाई फांसी
बस्ती, 14 मार्च। रुधौली कस्बे में शनिवार को एक युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। उसका शव दुकान के अंदर फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। कुछ महीनो पहले पुलिस ने गुमशुदगी के बाद तलाश कर उसे परिजनों को सकुशल सौंपा था। अवसाद के चलते युवक ने सुसाइड कर लिया।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जानकारी के अनुसार नगर पंचायत निवासी प्रियंका मिश्रा ने अपने पति श्रवण कुमार के लापता होने की शिकायत रुधौली थाना में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके पति 4 फरवरी को बिना बताए घर से चले गए थे और उनका मोबाइल फोन भी बंद था। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 12 घंटे के भीतर ही श्रवण कुमार को तलाश कर उनकी पत्नी को सकुशल सुपुर्द कर दिया था। करीब एक माह दस दिन बाद शनिवार 14 मार्च 2026 को दोपहर लगभग 12 बजे अज्ञात परिस्थितियों में श्रवण कुमार का शव फंदे से लटका मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर रुधौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रवण कुमार व्यापार में अधिक उधारी होने के कारण पिछले कुछ समय से तनाव में रहते थे।

मीडिया दस्तक के चीफ एडिटर अशोक श्रीवास्तव पत्रकारिता के क्षेत्र में 1992 से सक्रिय हैं। भारतीय बस्ती, स्वतंत्र चेतना, जनकदम, 7 डेज नागरिक, पंजाब केसरी, वॉयस आफ मूंवमेन्ट, स्पष्ट आवाज जैसे अखबारों में योगदान देते हुये 10 सालों से खुद के मीडिया संस्थान ‘मीडिया दस्तक न्यूज’ का संचालन कर रहे हैं। वे बस्ती चेतना साप्ताहिक अखबार के संपादक भी हैं। अशोक श्रीवास्तव अपनी बेबाक शैली, निष्पक्षता और साफ सुथरी, इमानदार पत्रकारिता के लिये जाने जाते हैं।




